सावधान जन नायक

 

राजनीति पर यह हिंदी कविता बालकृष्ण राव ने लिखी है। यह कविता देश की मौजूदा स्थिति, नेताओं, उनके समर्थकों और राजनीति को दिखाती है। यह हिंदी कविता चुनाव के समय बहुत काम की है। नेताओं पर यह कविता इस तरह है:

 

सावधान, जन-नायक सावधान।

यह स्तुति का साँप तुम्हे डस न ले।

बचो इन बढ़ी हुई बांहों से

धृतराष्ट्र – मोहपाश

कहीं तुम्हे कस न ले।

 

सुनते हैं कभी, किसी युग में

पाते ही राम का चरण-स्पर्श

शिला प्राणवती हुई,

देखते हो किन्तु आज

 

अपने उपास्य के चरणों को छू-छूकर

भक्त उन्हें पत्थर की मूर्ति बना देते हैं।

सावधान, भक्तों की टोली आ रही है

पूजा-द्रव्य लिए!

 

बचो अर्चना से, फूलमाला से,

अंधी अनुशंसा की हाला से ,

बचो वंदना की वंचना से, आत्म रति से,

बचो आत्मपोषण से, आत्मा की क्षति से।


तारीख: 04.11.2025                                    साहित्य मंजरी टीम




रचना शेयर करिये :




नीचे कमेंट करके रचनाकर को प्रोत्साहित कीजिये, आपका प्रोत्साहन ही लेखक की असली सफलता है