वास्तविक शिक्षा का अर्थ

वास्तविक शिक्षा मनुष्य के भीतर करुणा, न्याय, सच्चाई , ईमानदारी और अनेक ऐसे गुणों का विकास करती है जो उसे जीवन के प्रत्येक पल को खुशी से जीने का साहस देती है |

यदि शिक्षा आपके अंदर प्रतिस्पर्धा या घृणा को जन्म दे रही है तो वो शिक्षा वास्तविक नहीं हो सकती | हर व्यक्ति अपने आप में अनोखा होता है और वास्तविक शिक्षा का उद्देश्य, उसके अंदर के अनोखेपन को पहचानना होता है |

शिक्षा के मायने कोई प्रमाण पत्र तय नहीं कर सकता, यदि करता होता, तो अनेकों ऐसे लीडर्स हमारे सामने न होते, जिन्होंने बिना किसी प्रमाण पत्र के खुद को सफल साबित किया है |

वास्तविक शिक्षा जात-पात, काले-गोरे एवं ऊंच-नीच से परे है | वास्तविक शिक्षा को कबीर ने ऐसे समझा, कि उनके दोहे आज भी खोज का विषय हैं | वर्तमान में हमने शिक्षा को प्रतिस्पर्धा का रूप दे दिया है और सभी जानवरों को एक हो श्रेणी में खड़ा कर दिया है जो की शिक्षा के सही मायने नहीं हैं  | प्रकति ने सभी को अनोखा बनाया है सबके अपने गुण हैं कोई किसी के जैसा नहीं बन सकता |

मनुष्य का यह कर्तव्य है कि वह वास्तविक शिक्षा के मूल्य को समझकर समाज के प्रति अपने कर्तव्य का वहन करे | क्या आप जानते हैं कि जापान जैसे देशों ने इतनी जल्दी प्रगति कैसे कर ली, इसका कारण यह है कि वे प्रत्येक बच्चे को उसके वास्तविक गुणों को समझाने के लिए प्रेरित करते हैं और वही उनकी प्रगति का कारण है |

वास्तविक शिक्षा कहीं से भी प्राप्त की जा सकती है | मनुष्य का गुरु उसकी आत्मिक चेतना होती है जो पल-प्रति-पल उसे सत्य एवं असत्य का भेद करती है | वह उसे जीवन का मूल्य समझाती है परंतु मनुष्य उसे कुचलकर सांसारिक शिक्षा को अधिक महत्व देता है  जो उस में भय, अहंकार, क्रोध, प्रतिस्पर्धा जैसे अवगुणों का विकास करती है | और वह प्रति पल हारा हुआ महसूस करता है और जीवन को तुच्छ समझकर जीना प्रारंभ कर देता है |

वास्तविक शिक्षा जलते हुए दिए के समान होती है जो अंधकार में रोशनी का काम करती है अगर आप खुद के अंदर झांकेंगे, तो पाएंगे, कि सम्पूर्ण ज्ञान हमारे अंदर प्रज्वलित हो रहा है इसके लिए हमें किसी प्रतिस्पर्धा का हिस्सा बनने की जरूरत नहीं है |

हमें यह संकल्प लेना होगा, कि हम वास्तविक शिक्षा के मूल्य को समझने का प्रयास करेंगे और उस शिक्षा के आधार पर स्वयं को श्रेष्ठ बनाने का प्रयास करेंगे और यही प्रयास हमें हमारे वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त करने में सहायक होगा |


तारीख: 12.04.2020                                    अनुराग मिश्रा









नीचे कमेंट करके रचनाकर को प्रोत्साहित कीजिये, आपका प्रोत्साहन ही लेखक की असली सफलता है